Friday 25 November 2022

संस्कृत और हम!


देवभाषा अर्थात संस्कृत के इतिहास को लेकर मैंने कुछ समय पहले काफी मशक्कत की थी मगर कोई स्पष्ट इतिहास नजर नहीं आया।बड़े-बड़े संस्कृत के विद्वानों के भाषा को लेकर आलेख पढ़े जिसमे हर जगह यही लिखा हुआ पाया कि यह "अति-प्राचीन","हजारों साल पुरानी" भाषा है!
संस्कृत भाषा भारत व नेपाल के अलावे कहीं नहीं बोली जाती है।हां कहीं धार्मिक स्थल दूसरे देशों में हो और पंडित-पुजारी शास्त्र वाचन करते है वो अलग बात है,लेकिन भाषा के रूप में वार्तालाप का जरिया कहीं नहीं है।
भारत मे कर्नाटक के शिमोगा जिले का मातुर गांव,जहां 300 परिवार रहते है,संस्कृत में वार्तालाप करते है और उसके लिए पिछले कुछ सालों में स्कूल व सुविधाओं का इंतजाम किया गया था।
संविधान में अनुसूचित भाषाओं में संस्कृत भाषा को भी शामिल किया हुआ है।बाकी भाषाओं को शामिल करवाने के लिए राज्यों व भाषाई लोगों का दबाव था मगर संस्कृत बोलने वाले कौनसे इलाके के लोग थे जिन्होंने दबाव बनाया,उनका कहीं उदाहरण नहीं मिलता है।
उत्तराखंड में द्वितीय राजभाषा के रूप में संस्कृत भाषा को मान्यता दी गई है।1880 में विद्यानंद सरस्वती ने चमोली जिले की पोखरी तहसील के किमोठा गांव में संस्कृत विद्यालय खोला था और 24जनवरी 2008 को राज्य सरकार ने इसे संस्कृत गांव बनाने का गजट नोटिफिकेशन जारी किया था बाकी कोई गांव संस्कृत बोलने वाला उत्तराखंड में भी नहीं है।
DD NEWS पर वार्तावली करके एक कार्यक्रम लंबे समय से चलाया जा रहा है जिसमे समाचार भी शामिल है मगर दर्शकों की संख्या को देखते हुए यह नगण्य ही है।
संस्कृत भाषा मे रचित सबसे प्राचीन ग्रंथ ऋग्वेद बताया जाता है।संस्कृत भाषा के दो स्वरूप है पहला वैदिक व दूसरा लौकिकी।वैदिक में वेद-पुराण आदि ब्राह्मण ग्रंथ है तो लौकिकी में महाभारत,रामायण व विभिन्न विद्वानों के काव्य,कथाएं जैसे मुद्राराक्षस आदि आते है।
दुनियाँ की संस्कृत ही एक भाषा है जिसका नामकरण बोलने वालों,क्षेत्र या राज्य आदि के नाम पर नहीं हुआ।इससे सिद्ध होता है कि इतिहास में किसी भी क्षेत्र,राज्य में संस्कृत भाषा आम बोलचाल की भाषा नहीं रही है।
संस्कृत भाषा का व्याकरण पाणिनि ने दिया जिसे अष्टाध्यायी के रूप में जाना जाता है।कात्यायन व पतंजलि ने योग आसनों का नामकरण संस्कृत में किया।संस्कृत रचनाओं में धार्मिक व लौकिक कथाओं व कहानियों के अलावे बाकी क्षेत्रों की नुमाइंदगी कहीं नजर नहीं आती।एक कौटिल्य ने जरूर प्रयास किया "अर्थशास्त्र"के रूप में मगर वो भी धार्मिक आधार से परे जाकर नहीं लिख पाये।राज्य चलाने के नैतिक नियमों का जिक्र जरूर किया मगर धर्म से हटकर रचना को मूर्त रूप नहीं दे सके।
संस्कृत के समर्थक विद्वानों ने कहा है कि कंप्यूटर व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए संस्कृत से उपयुक्त कोई भाषा नहीं है मगर दुनियाँ के विद्वानों ने इनकी मांग पर अभी तक कोई गौर नहीं किया है और यह उपयुक्त भाषा अभी तक उपयोग में नहीं ली जा सकी है।
भारत मे 1791 में काशी(वर्तमान वाराणसी) में पहला संस्कृत महाविद्यालय खोला गया था और उसके बाद देशभर में फैले ब्राह्मण वर्ग के लोग विद्या के लिए काशी जाने लगे।काशी में ये लोग संस्कृत में पूजा करना व करवाना सीखकर आये।19वीं सदी में काशी ब्राह्मण वर्ग के लोगों के लिए बड़े शिक्षा स्थल के रूप में विख्यात हुआ व विभिन्न तरह के ग्रंथों का पुनर्लेखन हुआ है व प्रचार-प्रसार के कार्य ने गति पकड़ी!
दूसरा संस्कृत महाविद्यालय आजादी के बाद बिहार के दरभंगा में 1961 में खोला गया और आज लगभग 14 महाविद्यालय/विश्विद्यालय भारत मे है।भारत के संस्कृत समर्थक लोग कह रहे है कि संस्कृत को हिब्रू की तरह दुबारा स्थापित किया जाना चाहिए।
ज्ञात रहे हिब्रू द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद फिलिस्तीन की जगह नए बसाये यहूदी देश इजराइल की राजकीय भाषा है जिसे यहूदी या इब्रानी भाषा भी कहा जाता है।हिब्रू के लिए जेरुसलम में 1925 में विश्वविद्यालय खोला गया व आज इजरायल के यहूदी लोग यही भाषा बोलते है।
कई संस्कृत समर्थक यह कह रहे है कि सभी भाषाओं की जनक संस्कृत भाषा ही है क्योंकि संस्कृत भाषा के शब्द सभी भाषाओं में मिलते है!थोड़ा उल्टे एंगल से सोचे कि सभी भाषाओं से कुछ-कुछ शब्द लेकर संस्कृत भाषा का निर्माण किया गया हो!कहीं का कंकड़,कहीं का रोड़ा भानुमति ने कुनबा जोड़ा वाला मामला भी तो हो सकता है क्योंकि इस भाषा को बोलने वाले लोग किसी भी केंद्रित क्षेत्र विशेष में नहीं रहते है।जब एक क्षेत्र विशेष के लोग आपस मे वार्तालाप करेंगे वो ही तो भाषा कहलाएगी!
भारत की जनगणना में एक कॉलम मातृ भाषा का भी होता है।1971 की जनगणना में 2212 लोगों ने संस्कृत को अपनी मातृभाषा के रूप में दर्ज करवाया था।1990 के दशक के अंत मे राममंदिर को लेकर देशभर में आंदोलन खड़ा हुआ व जागरूकता अभियान चलाया गया जिसके कारण संस्कृत समर्थकों की उम्मीदें जगी व 1991की जनगणना में संस्कृत को मातृ भाषा के रूप में दर्ज करवाने वाले लोगों की संख्या 49,736 हो गई।
फिर कंप्यूटर क्रांति आई और दुनियाँ ने कंप्यूटर व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए सर्वोत्तम उपयुक्त भाषा को काम मे नहीं लिया और संस्कृत को मातृभाषा के रूप में दर्ज करवाने वाले लोगों का मोहभंग हो गया और 2001 की जनगणना में यह संख्या घटकर 14135 रह गई।
देवभूमि नेपाल में प्रथम भाषा नेपाली व दूसरे व तीसरे स्थान पर क्रमशः मैथिली व हिंदी है।संस्कृत चौथे स्थान पर बरकरार है क्योंकि बाकी कोई भाषा चुनौती देने के लिए वहां उपलब्ध नहीं है।
गूगल पर उपलब्ध विभिन्न तरह के लेखों,पुस्तकों व विद्वानों के अनुसार दुनियाभर में तकरीबन 10लाख लोग संस्कृत जानते है अर्थात मेरे गृहजिले जोधपुर की शहरी आबादी से भी कम संख्या।कल किसी विद्वान ने मुझे कहा कि हिंदी के बजाय संस्कृत का उपयोग हो तो यह देश की सम्पर्क भाषा बनकर एकता के सूत्र में पीरो देगी!मारवाड़ी बोली से भी कम जानने वालों की भाषा!
देशभर में 3 लाख संस्कृत पढ़ाने के लिए अध्यापक नियुक्त है जिन पर हर साल 30 हजार करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे है।यह आज से नहीं आजादी के तुरंत बाद चालू कर दी गई।इन अध्यापकों ने आंकड़ों को देखते हुए क्या परिणाम दिए है उनको समझा जाना चाहिए!3 लाख संस्कृत शिक्षकों ने पूरे देश मे 49,736 संस्कृत भाषी नागरिक तैयार किये है!
खुद कौनसी भाषा बोल रहे है यह भी अज्ञात आंकड़ा ही है!दैवीय भाषा घोषित करके इस तरह सरकारी खजाने की लूट इससे बड़ा उदाहरण आपको दुनियाँ में कहीं नहीं मिलेगा!

No comments: